स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 19 सितंबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उप जिलाधिकारी कलान प्रभात राय के साथ विकासखंड कलान के ग्राम सथरा धर्मपुर में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित एमआरएफ सेंटर की भूमि, राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उप जिलाधिकारी कलान ने बताया कि एमआरएफ सेंटर के निर्माण के लिए गाटा संख्या 131 की भूमि चिन्हित की गई है, जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग एक हेक्टेयर है।
जिलाधिकारी ने मौके पर भूमि की सीमाओं, उपलब्ध क्षेत्रफल और निर्माण के लिए उसकी उपयुक्तता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित गाटे से संबंधित राजस्व अभिलेखों और मौके पर उपलब्ध भूमि का समुचित सत्यापन कराया जाए, ताकि भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।
डीएम ने कहा कि भूमि से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं और जांच समय से पूरी कराते हुए एमआरएफ सेंटर के निर्माण के लिए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एमआरएफ सेंटर के माध्यम से ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
शाहजहांपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और एमआरएफ सेंटरों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहले भी कार्यवाही और समीक्षा की जाती रही है।
