स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 19 सितंबर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाहजहांपुर के तत्वावधान में ‘Child Friendly Legal Services for Children’ के अवसर पर राजकीय बालगृह बालक, नवादा इन्देपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने की।
शिविर में सचिव अपेक्षा सिंह ने बच्चों के अधिकारों और बाल-अनुकूल विधिक सेवाओं के विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अक्षरों का ज्ञान अथवा परीक्षा उत्तीर्ण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में सोचने-समझने की क्षमता विकसित करने और समाज में आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
फार्मासिस्ट रामविनय यादव ने शिक्षा के अधिकार पर विशेष चर्चा की। वहीं संस्था के अध्यापक प्रदीप कुमार ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम-2009 के प्रावधानों की जानकारी दी।
पराविधिक स्वयं सेवक अनिल कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं और सुविधाओं के बारे में बच्चों को बताया। बच्चों को उनके अधिकारों और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण भी बच्चों सहित पात्र वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक जागरूकता कार्यक्रम उपलब्ध कराने की व्यवस्था करता है।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया। शिविर में राजकीय बालगृह बालक के अध्यापक, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में किशोर उपस्थित रहे।
