स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर में 29.11 करोड़ रुपये की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
शाहजहांपुर, 08 सितंबर। अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण से जुड़ी उत्कृष्ट अधीक्षिकाओं के सम्मान एवं नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका सजीव प्रसारण शाहजहांपुर के अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की उपस्थिति में देखा गया।
इस अवसर पर जनपद शाहजहांपुर में आईसीडीएस विभाग की पांच तथा महिला कल्याण विभाग की पांच उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 29.11 करोड़ रुपये की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए भवन की व्यवस्था पर जोर
महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्वयं के भवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बचपन को सुरक्षित एवं संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य करती हैं तथा समाज के अंतिम पायदान तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए वे सम्मान की पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्मार्टफोन, पांच लाख रुपये तक का कैशलेस हेल्थ कार्ड तथा साड़ी के लिए निर्धारित धनराशि उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
कन्या सुमंगला योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में महिला कल्याण एवं बाल विकास, सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को छह चरणों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी दी गई। बालिकाओं का ऑनलाइन आवेदन कराने में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सहयोग करती हैं और उन्हें प्रति आवेदन 50 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
इसी प्रकार निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत पति की मृत्यु के बाद पात्र 18 वर्ष से अधिक आयु की निराश्रित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये पेंशन प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। योजना के ऑनलाइन आवेदन में भी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा सहयोग किया जाता है।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत अभिभावक की मृत्यु के बाद पात्र बच्चों को प्रतिमाह 2,500 रुपये प्रति बच्चा आर्थिक सहायता दी जाती है। दो पात्र बच्चों की स्थिति में प्रतिमाह 5,000 रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ मृत्यु प्रमाण-पत्र, बैंक विवरण सहित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
