17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, दिव्यांग कल्याण और गरीब कल्याण सहित होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

शाहजहांपुर, 08 सितंबर। राज्य सरकार के 10 वर्ष एवं केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, दिव्यांग कल्याण, बाल प्रतिभा सम्मान एवं गरीब कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। डीएम ने सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की प्रमुख कल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत@2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गांवों में 100 और नगर निगम क्षेत्र में जलेंगे 11 हजार दीये

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके तहत प्रत्येक गांव में घरों के बाहर एक स्थान पर 100-100 दीये, नगर निकायों में 400 से 500 दीये तथा नगर निगम क्षेत्र में हनुमत धाम पर 11 हजार आशीर्वाद दीये जलाए जाएं।

इसके अलावा प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाट, प्रमुख मंदिर, पार्क, विद्यालय, महाविद्यालय और चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन कराया जाएगा।

बच्चों और युवाओं के लिए होंगे कार्यक्रम

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसके तहत विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता, ड्राइंग एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं से संवाद तथा ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक और मंचन के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

आंगन उत्सव में होंगी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की गतिविधियां

‘आंगन उत्सव’ 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक सम्मान करने के साथ मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य तथा महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ डिजिटल रील अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी।

वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों को 25 वर्षों के 25 सेवा कार्यों में से किसी एक से जुड़कर समाजसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे सात दिवसीय शिविर

‘सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना होगा।

इसके साथ ही ‘रंगोली राष्ट्र घर-घर से राष्ट्र तक’ अभियान में संकल्प की रंगोली के माध्यम से प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के सपने को प्रदर्शित किया जाएगा।

राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल, कॉर्पोरेट, इनोवेटर्स और जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा में जल-नल एवं सेवा संकल्प तथा जन सेवा महाकुंभ जैसे कार्यक्रम भी शामिल होंगे।

डीएम ने जनभागीदारी बढ़ाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल औपचारिक आयोजन न होकर व्यापक जनभागीदारी और जनसेवा का माध्यम बनना चाहिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाने को कहा।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, परियोजना निदेशक अवधेश राम, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post