ब्यूरो रिपोर्ट मो. हलीम, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 30 सितंबर 2026। आगामी त्योहारों और शहर में बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस एवं व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त पुलिस कमिश्नर, कानून एवं व्यवस्था श्री बबलू कुमार ने की।
बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल, आदर्श व्यापार मंडल सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, चेयरमैन एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बाजारों में दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने तथा इस संबंध में व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा पर चर्चा हुई। दुकानों के सामने खड़े फल-सब्जी आदि के ठेलों को व्यवस्थित करने का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके अलावा भूतनाथ मार्केट, गोल मार्केट, अमीनाबाद बाजार और लाटूश रोड समेत प्रमुख बाजारों में पार्किंग एवं ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पर चर्चा की गई। बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश तथा आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहनों की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
ई-रिक्शा द्वारा दुकानों के सामने पार्किंग किए जाने और उन्हें निर्धारित रूट पर संचालित करने के संबंध में भी चर्चा हुई। दुकानों तक सामान पहुंचाने वाले छोटे वाहनों से संबंधित व्यवस्था पर भी व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों ने विचार साझा किए।
बैठक में साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया गया, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। थाना स्तर पर व्यापारियों की ओर से दिए जाने वाले प्रार्थना पत्रों पर शीघ्र कार्रवाई करने को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में बाजारों एवं आवासीय क्षेत्रों में स्थित शराब के ठेकों से संबंधित व्यवस्थाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
