गुडम्बा में घर में चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार; जेवर और चोरी के पैसों से खरीदी अपाचे बरामद


ब्यूरो रिपोर्ट रहमान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ। गुडम्बा थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी और चोरी की संपत्ति बेचकर खरीदी गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को किरण इन्क्लेव, भाखामऊ निवासी अभिषेक प्रभाकर ने थाना गुडम्बा में तहरीर देकर अपने घर से अज्ञात आरोपियों द्वारा कीमती जेवरात और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मु0अ0सं0 361/2026 दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और घटना में प्रयुक्त वाहन की जांच की। तकनीकी माध्यमों से वाहन में सवार संदिग्धों की पहचान बुद्धराम उर्फ बुद्धा निवासी बाराबंकी और वसीम निवासी अमेठी के रूप में की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर और पुलिस टीम ने सुरागरसी के दौरान पारा-रजौली मार्ग से करीब सुबह 9:05 बजे बुद्धराम उर्फ बुद्धा को गिरफ्तार किया।

चोरी के जेवर और नकदी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 720 रुपये नकद, दो कान की बालियां और एक नाक की नथनी पीली धातु की बरामद की। इसके अलावा एक कलाई तोड़ लच्छा, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी छागल और एक कमर की करधन सफेद धातु की बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार चोरी की घटना से प्राप्त रकम से खरीदी गई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP41 BW 9207 भी बरामद की गई है।

मामले में पुलिस ने धारा 305(ए), 331(3), 317(2) और 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुर खाला में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर, कांस्टेबल विवेक कुमार सिंह, रवि राणा, दीपक और अनिल शामिल रहे।

नोट: यह खबर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के आधार पर है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

Previous Post Next Post