सहयोग संस्था का विस्तार, तिलहर-जलालाबाद के साथ हरदोई में भी गठित हुई टीम

नए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, संस्थापक बोले—बिना किसी लालच के समाजसेवा करने वालों का संस्था में स्वागत

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनपद की चर्चित समाजसेवी संस्था ‘सहयोग’ का विस्तार करते हुए तिलहर एवं जलालाबाद तहसील के साथ-साथ हरदोई जनपद में भी नई टीम का गठन किया गया। संस्था की ओर से नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समाजसेवा के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया।

जलालाबाद तहसील की टीम में ममता यादव को अध्यक्ष, रजनीश सिंह (वार्ड मेंबर) को सचिव तथा अबनीश सिंह और रवि श्रीवास्तव को सदस्य बनाया गया। वहीं तिलहर तहसील की जिम्मेदारी अंकुश गुप्ता को अध्यक्ष और प्रबल प्रताप सिंह को सचिव के रूप में दी गई। हरदोई जनपद के जिला अध्यक्ष आशीष शुक्ल बनाए गए।

समाजसेवा के विस्तार पर जोर

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान एवं शाहनवाज खान एडवोकेट ने कहा कि इस पृथ्वी पर होने वाला प्रत्येक कार्य आगे बढ़ता है, चाहे वह अच्छा हो या बुरा। इसलिए अच्छाई और समाजसेवा के कार्यों का विस्तार होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाजसेवा के कार्यों को पूरे प्रदेश और देश तक पहुंचाना है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जो भी व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के समाजसेवा करना चाहता है, वह संस्था से जुड़कर सामाजिक कार्यों में अपना योगदान दे।

संस्था के जिला प्रभारी विकास सक्सेना ने कहा कि जल्द ही जनपद की सभी पांच तहसीलों और 15 ब्लॉकों में समाजसेवा के कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए जल्द से जल्द अपनी टीम का विस्तार करने का आह्वान किया।

महानगर टीम करेगी सभी इकाइयों का सहयोग

संस्था की अध्यक्ष स्तुति गुप्ता ने बताया कि महानगर की टीम अपने क्षेत्र में समाजसेवा के कार्य जारी रखेगी। इसके साथ ही तहसीलों एवं अन्य जनपदों में गठित सभी टीमों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्था की डायरेक्टर नुजहत अंजुम, महासचिव सरदार हरजीत सिंह, सचिव शिवम वर्मा, लायेबा, तस्लीम, सुधीर, शबाब सहित संस्था के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post