स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 16 अक्टूबर 2026। निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और संशोधन प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत विभिन्न कार्यों के लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं।
- 19 अक्टूबर 2026: मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्तावों का आलेख्य प्रकाशन।
- 23 अक्टूबर 2026: संशोधन प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि।
- 26 अक्टूबर 2026: सांसदों, विधायकों तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के लिए बैठक।
- 2 नवंबर 2026 तक: मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का कार्य।
- 12 नवंबर 2026: निर्वाचक नामावलियों की एकीकृत आलेख्य सूची का प्रकाशन।
- 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026: दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि।
- 28 दिसंबर 2026 तक: प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण।
- 4 जनवरी 2027: अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन।
राजनीतिक दलों से मांगे गए सुझाव
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सबसे पहले मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस संबंध में आयोग की गाइडलाइन राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों के संशोधन से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इन प्रस्तावों का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जाएगा और उनकी प्रतियां राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। राजनीतिक दल 23 अक्टूबर तक प्रकाशित प्रस्तावों पर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
26 अक्टूबर को फिर होगी बैठक
प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार-विमर्श के बाद 26 अक्टूबर 2026 को सांसदों, विधायकों तथा संबंधित अध्यक्षों एवं मंत्रियों के साथ पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में चर्चा के उपरांत मतदेय स्थलों से संबंधित संशोधन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करना और निर्वाचक नामावलियों को अद्यतन करना है।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
