शाहजहाँपुर: सैटेलाइट बस अड्डे के पास पेड़ से लटका मिला 46 वर्षीय व्यक्ति का शव, बीमारी से परेशान होने की बात आई सामने

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर | 19 अक्टूबर 2026

शाहजहाँपुर में 19 अक्टूबर 2026 को सैटेलाइट बस अड्डे के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्लॉट की रखवाली का काम करता था मृतक

पुलिस को सुबह करीब 9:30 बजे राहगीर के माध्यम से सीयूजी नंबर पर सूचना मिली कि सैटेलाइट बस अड्डे के पास एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहां बस अड्डे की पिछली दीवार के पास स्थित एक पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे व्यक्ति का शव लटका मिला।

आसपास जानकारी करने पर मृतक की पहचान जगदीश प्रजापति (46 वर्ष), पुत्र पुत्तू लाल, निवासी ग्राम जमुका, थाना रोजा, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई। बताया गया कि वह पास के ही एक प्लॉट में पहरेदारी का काम करता था।

काफी समय से बीमार चलने की बात

परिजनों के अनुसार, जगदीश प्रजापति काफी समय से बीमार चल रहे थे और गंभीर बीमारी के कारण परेशान रहते थे। परिजनों ने इसी परेशानी के चलते उनके अवसाद में होने की बात बताई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस की कार्रवाई जारी

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया गया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना के समय मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद थे।

पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Previous Post Next Post