शाहजहांपुर: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बिखरे परिवारों में लौटी खुशियां, पुलिस ने माला पहनाकर किया सम्मानित


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 16 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शाहजहांपुर में पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते के जरिए सुलझाने के बाद परिवारों से फीडबैक लिया गया। इस दौरान परिवारों की काउंसलिंग कर उन्हें आपसी प्रेम, सौहार्द और सामंजस्य बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही माला पहनाकर और उपहार देकर परिवारों को सम्मानित किया गया।

परिवारों से बातचीत कर लिया गया फीडबैक

पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों और परिवार परामर्श केंद्र परशुरामपुरी की ओर से पूर्व में सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित पारिवारिक मामलों से जुड़े परिवारों को आमंत्रित किया गया। उनसे बातचीत कर यह जानकारी ली गई कि समझौते के बाद उनके पारिवारिक संबंधों में कितना सुधार हुआ है।

आपसी संवाद से विवाद सुलझाने की दी सलाह

काउंसलिंग के दौरान परिवारों को आपसी मतभेद बातचीत और समझदारी से दूर करने, रिश्तों में मधुरता बनाए रखने और भविष्य में विवादों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके साथ ही महिलाओं को जागरूक करते हुए महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर सभी उपस्थित परिवारों को माला पहनाकर और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस के प्रयासों से फिर एकजुट हुए परिवार

फीडबैक के दौरान परिवारों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने बताया कि पुलिस के सार्थक प्रयासों से उनके बिखरते हुए परिवार दोबारा एकजुट हुए हैं और अब वे आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सामंजस्य के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई यह पहल पारिवारिक विवादों के समाधान, महिला जागरूकता और रिश्तों में आपसी समझ बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

Previous Post Next Post