ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत बलरामपुर पुलिस के परिवार परामर्श केन्द्र ने सराहनीय पहल की है। पारिवारिक विवादों, पति-पत्नी के बीच मनमुटाव और घरेलू कलह से जुड़े मामलों में प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से कुल 76 परिवारों में सुलह-समझौता कराकर बिखरते रिश्तों को बचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा यह पहल की गई। केन्द्र पर प्राप्त पारिवारिक विवादों के मामलों में काउंसलरों, महिला थाना प्रभारी और मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर विस्तार से बातचीत की। आपसी संवाद, समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से विवादों को सुलझाते हुए दम्पत्तियों के बीच आपसी सहमति स्थापित कराई गई।
इन मामलों में लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव जैसे प्रकरण शामिल थे। परामर्श केन्द्र के प्रयासों से कई परिवारों में आपसी सहमति बनी, जिससे वैवाहिक संबंधों को टूटने से बचाने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
76 दम्पत्तियों को सम्मानित कर दी गईं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं
परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा सफलतापूर्वक निस्तारित किए गए 76 पारिवारिक मामलों से संबंधित दम्पत्तियों को 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में आमंत्रित किया गया। यहां अपर पुलिस अधीक्षक एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय ने सभी दम्पत्तियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें मिठाई खिलाई गई और उपहार भेंट कर सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मान समारोह में दम्पत्तियों ने बलरामपुर पुलिस और परिवार परामर्श केन्द्र के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आपसी प्रेम, विश्वास और समझ के साथ जीवन व्यतीत करने का संकल्प दोहराया।
संवाद से सुलझ सकते हैं पारिवारिक विवाद: अपर पुलिस अधीक्षक
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने कहा कि परिवार परामर्श केन्द्र का उद्देश्य छोटी-छोटी बातों से उत्पन्न पारिवारिक विवादों, पति-पत्नी के मनमुटाव और घरेलू कलह को संवाद के माध्यम से समाप्त कर परिवारों में खुशियां लौटाना है। उन्होंने दम्पत्तियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन बिताने की अपील की।
उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि पारिवारिक विवाद होने पर परिवार परामर्श केन्द्र की सहायता अवश्य लें। यहां अनुभवी काउंसलरों द्वारा निःशुल्क मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाता है, जिससे विवादों को समझदारी और आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा सके।
इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केन्द्र, महिला थाना प्रभारी श्रीमती पूनम यादव, महिला काउंसलर, मिशन शक्ति टीम तथा परिवार परामर्श केन्द्र के सदस्य उपस्थित रहे।

