स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 15 अक्टूबर 2026। बाल विकास परियोजना ब्लॉक भावलखेड़ा के अंतर्गत गुरुवार को ब्लॉक सभागार में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री अरविंद कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी श्री विनय कुमार मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अरविंद कुमार सिंह ने ब्लॉक भावलखेड़ा में नवनिर्मित 8 परिषदीय विद्यालयों के भवनों का लोकार्पण किया। इस पहल को क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई
कार्यक्रम में विधायक के कर-कमलों द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, उचित पोषण और देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में पांच बच्चे सम्मानित
आयोजन के अंतर्गत हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें पांच स्वस्थ बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। उनके सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए आंगनबाड़ी सेवाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, मातृ कल्याण और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
पोषण, स्वास्थ्य और खुशहाल बचपन की दिशा में यह आयोजन एक सराहनीय पहल है।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
