ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश
लखनऊ।
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के कसमंडी कलां गांव में श्यामलाल की पिकअप से कुचलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरजान (20) के रूप में हुई है।
मलिहाबाद पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पूर्व रंजिश के चलते श्यामलाल पर जानबूझकर पिकअप चढ़ाने की बात स्वीकार की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेश सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 32 QN 6134 भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
