नींदेमऊ में बाढ़ का कहर, चारों ओर पानी से घिरा गांव; ग्रामीणों में दहशत

 

ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र, उन्नाव ✍️

हसनगंज (उन्नाव)। तहसील क्षेत्र के ग्राम नींदेमऊ मजरा बिचपरी में नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। नदी की तलहटी में बसे गांव के चारों ओर पानी फैल गया है और कई स्थानों पर बाढ़ का पानी आबादी के भीतर तक पहुंच चुका है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

लखनऊ-बांगरमऊ हाईवे से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में बाढ़ के हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पानी बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया के जरिए सामने ला रहा गांव के हालात

बाढ़ के बीच गांव का एक नवयुवक प्रतिदिन वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहा है। इन वीडियो में गांव में प्रवेश करता पानी और चारों ओर फैला जलसैलाब दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रयास से गांव की स्थिति आसपास के लोगों और संबंधित अधिकारियों तक पहुंच रही है।

‘दरिया महारानी’ से सुरक्षित रहने की प्रार्थना

बाढ़ के बीच ग्रामीण अपनी पारंपरिक आस्था के अनुसार ‘दरिया महारानी’ के नाम पर दीप जलाकर प्रार्थना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस विपदा की घड़ी में वे परिवार और गांव के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रशासन की राहत एवं बचाव टीम गांव तक पहुंची है या नहीं। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक तत्काल पहुंचाने की भी मांग की है। इसके अलावा समीप स्थित जल निगम की खाली पड़ी बिल्डिंग में फिलहाल रह रहे लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित कर वहां बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी राहत शिविर बनाए जाने की मांग उठाई गई है।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि जिन घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, वे किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और तत्काल ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। साथ ही प्रशासन से समय रहते राहत एवं बचाव अभियान तेज करने की मांग की गई है।

Previous Post Next Post