शाहजहांपुर में एंटी रोमियो टीमों ने चलाया जागरूकता और चेकिंग अभियान

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 5 अक्टूबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से शाहजहांपुर पुलिस की एंटी रोमियो टीमों ने सोमवार को विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विद्यालयों के बाहर और आसपास भ्रमण एवं चेकिंग की। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर महिला सुरक्षा, अधिकारों और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया।

संदिग्ध व्यक्तियों की हुई चेकिंग

विद्यालयों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं युवकों की चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने छात्राओं को बताया कि छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या किसी अन्य प्रकार की परेशानी की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचना दें, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

अभियान के दौरान छात्राओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही एंटी रोमियो टीमों ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। पुलिस ने अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि या महिला संबंधी अपराध की जानकारी मिलने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों का भ्रमण, चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Previous Post Next Post