उच्च प्राथमिक विद्यालय भमोरी में छात्र-छात्राओं को कराया गया योगाभ्यास

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 5 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर, मझला (सीएचसी मीरानपुर कटरा/खुदागंज) के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय भमोरी में एक दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में योग प्रशिक्षक चिवनाथ पाल ने छात्र-छात्राओं को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

इस दौरान विद्यार्थियों को ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, कुर्सी आसन सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए गए। साथ ही योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभ और नियमित अभ्यास के महत्व की जानकारी दी गई।

योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी योग से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

शिविर के सफल आयोजन में इंचार्ज प्रमोद कुमार गंगवार तथा योग सहायक नमित कुमार का विशेष सहयोग रहा।

Previous Post Next Post