स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 27 अक्टूबर। जनपद के बनतारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्टेशन मास्टर बनतारा के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला की ट्रेन से टकराने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां बनतारा गेट से शाहजहांपुर की ओर लगभग 150 मीटर दूर डाउन रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 40 से 50 वर्ष की महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
महिला की पहचान कराने में जुटी पुलिस
प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस द्वारा महिला की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को मोर्चरी भेजा जा रहा है। महिला की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
