स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर,तिलहर, 20 अक्टूबर 2026। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना तिलहर पुलिस ने सराहनीय पहल की। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, तिलहर की कक्षा 12वीं की दो मेधावी छात्राओं वंशिका गुप्ता और अर्चना को एक दिन के लिए थाना प्रभारी एवं महिला हेल्प डेस्क प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
छात्राओं ने की जनसुनवाई, समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
इस दौरान छात्राओं ने थाना प्रभारी की भूमिका निभाते हुए जनसुनवाई की और आमजन की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। इसके बाद उन्हें थाने के जीडी कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और बाल शिशु गृह का भ्रमण कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों, पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और लोगों की शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
- 1090 – वीमेन पावर लाइन
- 1930 – साइबर क्राइम हेल्पलाइन
- 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 181 – महिला हेल्पलाइन
- 108 – एम्बुलेंस सेवा
- 112 – आपातकालीन पुलिस सेवा
पुलिस का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर स्वयं और अन्य लोगों को समय रहते सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर सकें।
शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए जागरूकता एवं जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
