लखनऊ: काकोरी रिंग रोड ब्रिज पर खड़े डंपर में पीछे से टकराई बाइक, एक की मौत, दो घायल

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 20 अक्टूबर 2026। काकोरी थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर रिंग रोड ब्रिज पर मंगलवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ब्रेकडाउन के कारण पुल पर खड़ा था डंपर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 20 अक्टूबर की शाम करीब 7:50 बजे हुआ। श्यामलाल (करीब 50 वर्ष), पुत्र चंद्रपाल, निवासी मुन्नालाल खेड़ा, थाना दुबग्गा, लखनऊ, मोटरसाइकिल संख्या UP32GL3187 से अपनी रिश्तेदार सुषमा राजपूत (करीब 38 वर्ष) और मुस्कान राजपूत (करीब 13 वर्ष) के साथ काकोरी क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल मुजफ्फरनगर से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान मोहिद्दीनपुर रिंग रोड ब्रिज पर ब्रेकडाउन के कारण खड़े डंपर संख्या UP71BT1445 में उनकी मोटरसाइकिल पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुषमा राजपूत और मुस्कान राजपूत घायल हो गईं।

घायलों को केजीएमयू किया गया रेफर

पुलिस के अनुसार, दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए दुर्गागंज स्थित किंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

हादसे के बाद मृतक और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस मृतक के पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी जारी है।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post