ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। आगामी मां दुर्गा पूजा (नवरात्रि) एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 5 अक्टूबर 2026 को थाना तुलसीपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में उपजिलाधिकारी तुलसीपुर तथा क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल की मौजूदगी में हुई। बैठक में थाना क्षेत्र के मां दुर्गा प्रतिमा आयोजक, रामलीला आयोजक, ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक, दोनों समुदायों के धर्मगुरु, डीजे संचालक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों के निर्देशों एवं शासन द्वारा जारी गाइडलाइन से अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचना मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचित करें। किसी भी समस्या, विवाद या अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।
बैठक में मौजूद सभी आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

