ब्यूरो रिपोर्ट शैलेन्द्र मिश्रा, लखनऊ ✍️
लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 (UPRSA) में लखनऊ की नन्हीं स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। नोएडा में आयोजित प्रतियोगिता की 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग की इनलाइन स्केट्स स्पर्धा में इरा दिवाकर ने गोल्ड मेडल और वेदिका चौहान ने सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इरा के गोल्ड से अंक तालिका में तीसरे स्थान पर लखनऊ
इरा दिवाकर, नेहा कन्नौजिया और शशिकांत की पुत्री हैं। प्रतियोगिता में उनके स्वर्ण पदक के साथ लखनऊ के खाते में कुल चार गोल्ड मेडल हो गए। इसके चलते लखनऊ अंक तालिका में गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया।
इरा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, कोच और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। वहीं, सिल्वर मेडल जीतने वाली वेदिका चौहान ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से लखनऊ का गौरव बढ़ाया।
मां नेहा की मेहनत लाई रंग
इरा की सफलता के पीछे उनकी मां नेहा कन्नौजिया की मेहनत और समर्पण की अहम भूमिका रही। नौकरी और घर की जिम्मेदारियों के साथ बेटी की पढ़ाई और खेल को समय देना आसान नहीं था, लेकिन नेहा ने लगातार मेहनत कर इरा को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कोच प्रतिभा की मेहनत से निखरी प्रतिभा
पीस स्पोर्ट्स एकेडमी की कोच प्रतिभा ने बच्चों को बेहतर खिलाड़ी बनाने के लिए लगातार मेहनत की। बताया गया कि बच्चों को सुबह-शाम दो से तीन घंटे तक अभ्यास कराया जाता है। कोच ने फीस से अधिक बच्चों के प्रशिक्षण, समय और उनकी प्रतिभा को प्राथमिकता दी।
इरा की स्वर्णिम सफलता और वेदिका के रजत पदक ने उनके माता-पिता, कोच और पूरे लखनऊ को गौरवान्वित किया है।
नेशनल चैंपियनशिप में खेलने का मिलेगा मौका
प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने की जानकारी दी गई है। ऐसे में इरा और वेदिका के सामने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर होगा।
नन्हीं उम्र में दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और परिवार के सहयोग से कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
