स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। आगामी कार्यक्रमों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के साथ थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित ओसीएफ रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा पुलिस बल की तैनाती के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों और आवागमन वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की प्रभावी एवं रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ को देखते हुए आवश्यक बैरिकेडिंग तथा यातायात डायवर्जन एवं प्रबंधन की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी सतर्क नजर
एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास लगातार प्रभावी पुलिस गश्त और निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर सतर्क दृष्टि रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
