ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में विभिन्न कार्यों से आने वाले पेंशनर्स को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर में पेंशनर्स की सुविधा के लिए निर्माणाधीन पेंशनर कक्ष का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पेंशनर कक्ष में प्रस्तावित सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोषागार में पेंशन संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए बड़ी संख्या में पेंशनर्स आते हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिक भी शामिल होते हैं। ऐसे में उन्हें अपने कार्य के दौरान प्रतीक्षा करने के लिए आरामदायक एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पेंशनर कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा शेष कार्यों को जल्द पूरा कर पेंशनर कक्ष को पेंशनर्स के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान कोषागार के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
