ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अन्नप्राशन, गोदभराई, हेल्दी बेबी शो एवं रेसिपी प्रदर्शनी सहित विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और सेवाओं को पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के साथ ही कुपोषण के विरुद्ध जनभागीदारी को मजबूत करना रहा। ‘सही पोषण–स्वस्थ जीवन’ का संदेश देते हुए पोषण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गोविन्द सोनकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया, जिसके बाद उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
गोदभराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। वहीं अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सही समय पर पूरक आहार की शुरुआत तथा उनकी आयु के अनुरूप पौष्टिक भोजन देने के महत्व की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में आयोजित हेल्दी बेबी शो के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, उचित वृद्धि एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को प्रोत्साहित किया गया। रेसिपी प्रदर्शनी में स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार किए जा सकने वाले पौष्टिक एवं संतुलित आहार का प्रदर्शन किया गया। परिवारों को स्थानीय और सुलभ खाद्य पदार्थों का उचित उपयोग करते हुए पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विधायक पल्टूराम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कार्यकत्रियों से अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं उचित पोषण व्यवहार के प्रति निरंतर जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कुपोषण की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को और प्रभावी बनाने के लिए समुदाय एवं प्रत्येक परिवार की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। पोषण को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए विभागीय प्रयासों के साथ सामुदायिक सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनपद में स्वास्थ्य, पोषण एवं जनकल्याण से जुड़ी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों को सफल बनाते हुए जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।


