स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने पुवायां विकासखंड के गंगसरा क्षेत्र में एम-पैक्स दिउरिया गुटैया के नवीनीकृत भवन, परिसर के सौंदर्यीकरण और 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले समिति गोदाम के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने नवगठित एम-पैक्स नत्थापुर में कार्य-व्यवसाय का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल से क्षेत्र के किसानों को सहकारी सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
किसान शेड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री जेपीएस राठौर ने समिति भवन और किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए किसान शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसानों के बैठने के लिए बनाए गए शेड की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
समितियों पर खाद की उपलब्धता पर दिया जोर
कार्यक्रम में किसानों और विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि समितियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक समिति को 15 लाख रुपये की ब्याजमुक्त क्रेडिट गारंटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे खाद की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है।
क्यूआर कोड से भुगतान और कंप्यूटरीकरण पर जोर
मंत्री ने सहकारी समितियों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि किसान अब समितियों पर क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समितियों के कंप्यूटरीकरण का काम भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे कामकाज अधिक सरल और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि समितियों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक समिति पर दो किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने की पहल की जा रही है। इससे बिजली संबंधी समस्याओं को कम करने और समिति के कामकाज को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
विधायक चेतराम ने सहकारिता विभाग के कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम में पुवायां विधायक चेतराम ने समिति के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाओं से किसानों का सहकारी समितियों के प्रति रुझान बढ़ रहा है और किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है। उन्होंने सहकारिता विभाग के कार्यों की प्रशंसा की।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, जिला सहकारी बैंक शाहजहाँपुर से जुड़े प्रतिनिधि, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव, डॉ. गणेश गुप्ता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ, अपर जिला सहकारी अधिकारी आनंद, हरिकेश और संजय तथा एडीओ राजेश एवं राकेश सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
