ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️
उन्नाव। जिला अस्पताल उन्नाव में मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करने की शिकायतें सामने आई हैं। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतार लग रही है, जिसके चलते उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
मरीजों का कहना है कि पर्चा बनवाने की प्रक्रिया में ही काफी समय निकल जाता है और कई बार डॉक्टरों के ओपीडी से उठ जाने के कारण उन्हें बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ता है।
सिक्योरिटी गार्ड पर पैसे लेकर आगे भेजने का आरोप
मरीजों की ओर से अस्पताल में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। आरोप है कि पैसे लेकर कुछ लोगों को लाइन में आगे कर जल्द डॉक्टर को दिखाने की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
लंबी कतारों से मरीज परेशान
अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए सैकड़ों मरीजों की लंबी कतार लगने की बात सामने आई है। मरीजों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो दूर-दराज से आने वाले मरीजों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से ओपीडी व्यवस्था, पर्चा काउंटर और लाइन प्रबंधन को व्यवस्थित करने के साथ ही लगाए गए आरोपों की जांच कराने की मांग की है।
