स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। आगामी 8 अक्टूबर को प्रस्तावित गणेश भगवान की शोभायात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ने सिटी मजिस्ट्रेट के साथ संयुक्त रूप से शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।
अधिकारीगण ने गांधीगंज से खिरनीबाग रामलीला मैदान तक निर्धारित शोभायात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्धारित पिकेट एवं ड्यूटी प्वाइंटों पर पुलिस बल की समय से तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस एवं प्रशासन की ओर से शोभायात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
