PCS इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे का कोट-बाल संवारे, मिठाई खिलाकर दी दुआ, पैर छूकर बेटे ने लिया आशीर्वाद

 

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के बाहर PCS इंटरव्यू के लिए पहुंचे एक अभ्यर्थी और उसके पिता का भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में पिता इंटरव्यू से पहले बेटे का कोट ठीक करते, उसके बाल संवारते और उसे कुछ मीठा खिलाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद बेटे ने पिता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पिता अपने बेटे को इंटरव्यू के लिए भेजने से पहले उसकी तैयारी को लेकर बेहद भावुक नजर आते हैं। वह पहले बेटे का कोट ठीक करते हैं। इसके बाद जेब से कंघी निकालकर उसके बाल संवारते हैं और फिर उसे कुछ मीठा खिलाते हैं।

पिता के इस स्नेह के बाद बेटा भी भावुक नजर आता है। आयोग के अंदर इंटरव्यू के लिए जाने से पहले वह झुककर पिता के पैर छूता है और उनका आशीर्वाद लेता है। इसके बाद पिता की शुभकामनाएं लेकर वह इंटरव्यू देने के लिए अंदर चला जाता है।

सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग

पिता-पुत्र के इस स्नेह भरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो पर लोग माता-पिता के त्याग, उम्मीद और बच्चों की सफलता के लिए उनके भावनात्मक सहारे को लेकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कई यूजर्स ने इस पल को बेहद भावुक बताते हुए कहा कि जिस बेटे के साथ उसके माता-पिता का आशीर्वाद और दुआ हो, उसके लिए सफलता की उम्मीद और मजबूत हो जाती है। हालांकि, अभ्यर्थी के इंटरव्यू के परिणाम की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Previous Post Next Post