ब्यूरो रिपोर्ट मो. चांद, लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। मंसूरनगर स्थित एक मस्जिद में बच्चों को धार्मिक शिक्षा देने वाले मौलाना कारी इमरान पर 11 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ करीब एक साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह बच्ची को पढ़ाने के बहाने उसका यौन शोषण करता था। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने इस घिनौनी हरकत का वीडियो भी बनाया और उसके जरिए बच्ची को ब्लैकमेल कर लंबे समय तक डराता-धमकाता रहा।
मामले की जानकारी चाइल्ड लाइन की ओर से गोपनीय सूचना मिलने के बाद सामने आई। सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी कारी इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य बच्चों की सुरक्षा और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
यह घटना बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक एवं धार्मिक संस्थानों में उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के अपराध को रोकने के लिए सतर्कता और समय पर शिकायत बेहद जरूरी है।
नोट: आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।
