जन-जन की यही पुकार, सड़क सुरक्षा का हो विस्तार

 


हेलमेट और सीट बेल्ट अपनाएं, सड़क दुर्घटनाओं से जीवन बचाएं

ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत बलरामपुर यातायात पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात सुभाष मौर्य के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।


अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। पुलिस टीम ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।


गोल्डन ऑवर में घायल की मदद करना बेहद जरूरी

जागरूकता अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता और गोल्डन ऑवर के महत्व पर विशेष जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और नजदीकी अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।

पुलिस ने लोगों को गुड समैरिटन (नेक व्यक्ति) कानून की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस पूछताछ या उत्पीड़न से संरक्षण प्राप्त है। इसलिए बिना किसी डर के घायलों की सहायता के लिए आगे आएं।

यातायात पुलिस ने दिए सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश

  1. दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनाएं।
  2. शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं।
  3. चारपहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए।
  4. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बातचीत, मैसेज पढ़ने या भेजने से बचें।
  5. निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात संकेतों एवं सिग्नलों का ध्यान रखें।
  6. वाहन चलाते समय जल्दबाजी और लापरवाही न बरतें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
  7. सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें समय से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

अंत में यातायात पुलिस बलरामपुर ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के अनमोल जीवन की रक्षा के लिए करें। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।

सुरक्षित चलें, सतर्क रहें और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Previous Post Next Post