ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से भारत की जनगणना–2027 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास, भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े विकास की प्राथमिकताओं को तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार भारत की जनगणना–2027 को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इसकी प्रमुख विशेषता स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा है। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सामान्यतः जनगणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से निर्धारित प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारियां एकत्र करते हैं। इस बार नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज जानकारियों का सत्यापन कर उन्हें जनगणना प्रणाली में शामिल किया जा सके।
डीएम ने कहा कि डिजिटल स्वगणना जनगणना–2027 की महत्वपूर्ण पहल है। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। साथ ही आंकड़ों की शुद्धता, सटीकता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। नागरिक अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना का कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना–2027 में सक्रिय भागीदारी निभाएं, डिजिटल स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार से संबंधित सही एवं सटीक जानकारियां दर्ज करें। साथ ही जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता देश के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। सटीक आंकड़े ही बेहतर योजनाओं और प्रभावी विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। सभी के सहयोग से सफल जनगणना सुनिश्चित कर विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
