ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। विवेचना में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप में थाना कोतवाली नगर में तैनात उपनिरीक्षक शिवेन्द्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई के साथ ही संबंधित उपनिरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच भी संस्थित कर दी है। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यप्रणाली को दुरुस्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस जैसे अनुशासित बल में कर्तव्यों के प्रति उदासीनता, विवेचना में लापरवाही और सरकारी कार्यों में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में लापरवाह कर्मियों को स्पष्ट संदेश गया है कि अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
