ब्यूरो चीफ: योगेंद्र सिंह यादव, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह की अध्यक्षता में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को लेकर विकास भवन सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की धीमी प्रगति पर गहरी नाराज़गी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सीडीओ ने योजना के क्रियान्वयन की स्थिति, कनेक्शन की संख्या और प्रक्रिया में हो रही देरी पर असंतोष प्रकट किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में 20,000 घरों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य है, और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि हर वेंडर प्रतिदिन कम से कम एक कनेक्शन अवश्य लगाए, ताकि लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि योजना के क्रियान्वयन में वेंडर्स की कार्यक्षमता के अनुसार ग्रेडिंग की जाए। ‘ए’ व ‘बी’ श्रेणी में आने वाले वेंडर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि विद्युत कनेक्शन का लोड बढ़ाने की प्रक्रिया सबसे अधिक बाधक बन रही है, जिससे लाभार्थियों को समय पर कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिया कि लोड वृद्धि की प्रक्रिया अधिकतम 7 दिन में पूरी की जाए, अन्यथा संबंधित एसडीओ के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने समस्त लंबित आवेदनों की शीघ्र समीक्षा कर कार्यवाही पूर्ण करने, योजना के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने और तकनीकी या प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि योजना जनहित से जुड़ी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है।
यह समीक्षा बैठक जिले में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments