हरदोई जाने के बहाने महिला से ढाई लाख के जेवर और नकदी ले भागा कार चालक

ब्यूरो रिपोर्ट: जहीन खान

– शाहाबाद बस स्टैंड पर घटना, महिला को बहला-फुसलाकर इको कार में बैठाया
– बैग से निकाले नकदी और जेवरात, फिर महिला को रास्ते में उतारकर फरार
– सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला से करीब ढाई लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर एक इको कार चालक चकमा देकर फरार हो गया। महिला हरदोई जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम हाथीपुर निवासी मनोरमा गुप्ता पत्नी रामकृष्ण गुप्ता अपनी पुत्री अर्चना गुप्ता और बहन आशा गुप्ता के साथ हरदोई में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। सभी दोपहर के समय गांव से टेंपो द्वारा शाहाबाद आईं और बस स्टैंड के पास अचल बहुमुखी सेंटर के सामने वाहन के इंतजार में खड़ी थीं।

इसी दौरान एक इको वाहन चालक ने आकर हरदोई चलने की बात कही। महिला के हामी भरने पर उसने मनोरमा गुप्ता और उनकी पुत्री को आगे की सीट पर बैठाया, जबकि बहन आशा को बीच की सीट पर बैठाया। महिला का बैग चालक ने खुद ही बीच वाली सीट के नीचे रखवा दिया। कार में पहले से दो अन्य युवक सवार थे। कुछ दूरी चलने के बाद चालक ने यह कहकर कि सीएनजी खत्म हो गई है, उन्हें एक स्थान पर नीचे उतार दिया और स्वयं वाहन लेकर आगे निकल गया।

जब महिला ने देखा कि उनका बैग नहीं है तो उनके होश उड़ गए। बैग में करीब 70 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, तीन अंगूठियां, कान के टॉप्स, एक मंगलसूत्र व अन्य कीमती सामान मौजूद था, जिसकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

महिला ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की लिखित सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। पीड़िता का कहना है कि यदि तुरंत कार्रवाई की जाती है तो आरोपी को पकड़ा जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post