ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश
लखनऊ के पारा स्थित मोहान रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने सीएमओ को पत्र भेजकर जांच की संस्तुति की है, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।
लालाबाग ठाकुरगंज निवासी अंकित यादव की बहन कोमल आठ माह की गर्भवती थीं। एक जून को उन्हें प्रसव पीड़ा होने पर मोहान रोड स्थित साईं हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर की अनुपस्थिति में इलाज की जिम्मेदारी अस्पताल संचालक श्याम यादव और एक अन्य स्टाफ शेरा सिंह ने संभाली।
अंकित यादव का कहना है कि इलाज के दौरान लापरवाही हुई और फिर कोमल की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इंजेक्शन और कुछ दवाएं दी गईं, जिससे उसकी मौत हो गई। कोमल की मौत के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने उसे जीवित बताकर कृष्णानगर के एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजकर जांच कराने को कहा है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कराई जा रही है। यदि रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और अस्पताल की भूमिका संदेह के घेरे में है। वहीं, कोमल की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments