स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर।
जनपद में बिजली आपूर्ति को लेकर लगातार आ रही शिकायतों के मद्देनजर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में एसडीओ एवं जेई स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि विद्युत आपूर्ति बाधित हुई तो अधिशासी अभियंताओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि लाइनमैन के भरोसे व्यवस्था न छोड़ी जाए, अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर निगरानी करें। सभी एसडीओ और जेई सतत क्षेत्र भ्रमणशील रहेंगे और कहीं भी अनावश्यक विद्युत कटौती या ट्रिपिंग की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो, इसके लिए शिकायत पंजिका का प्रतिदिन अवलोकन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जब भी तकनीकी कारणों से आपूर्ति बाधित हो, पूर्व सूचना जनप्रतिनिधियों और आमजन को अवश्य दी जाए। साथ ही, क्षेत्रीय नागरिकों के कॉल हर हाल में उठाए जाएं और उन्हें कारण स्पष्ट किया जाए।
बैठक के दौरान गोविन्दगंज के जेई द्वारा स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत न कर पाने और क्षेत्र की स्थिति ठीक से न बताने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तरदायित्व से बचने वाले अधिकारी कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
डीएम ने आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विशेष रूप से निर्देश दिए कि निर्धारित रूट पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए और सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी ने बैठक में दोहराया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को केवल कागज़ों में दुरुस्त दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि अधिकारी खुद फील्ड में जाकर जमीनी हकीकत जानें और तुरंत आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करें।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत जागेश कुमार, सहित सभी एसडीओ, जेई और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक जनपद में बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने और आमजन को निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक ठोस पहल मानी जा रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments