स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 04 जून 2025। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद में भैंसी नदी को पुनर्जीवित करने, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण, पंचायत प्रोत्साहन योजनाओं तथा युवक मंगल दल के गठन समेत अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने भैंसी नदी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नदी जनपद के कई गांवों से होकर गुजरती थी, लेकिन अब यह पूरी तरह सूख चुकी है। सिंचाई विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि यह नदी जनपद में लगभग 38 किलोमीटर लंबाई में फैली हुई है।
डीएम ने उप जिलाधिकारी पुवायां को निर्देश दिए कि नदी के किनारे बसे गांवों के काश्तकारों की गाटा संख्या की एक बुकलेट तैयार की जाए, जिससे भू-स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही शनिवार, रविवार और मंगलवार को स्वयं पैदल भ्रमण कर नदी की स्थिति का जायजा लेने की योजना घोषित की।
भ्रमण के उपरांत नदी की खुदाई और किनारों पर वृक्षारोपण का निर्णय लिया जाएगा।
इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को भ्रमण योजना तैयार करने को कहा गया। भ्रमण के समय लेखपाल, ग्राम सचिव, एपीओ, तकनीकी सहायक सहित अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने युवा कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां-जहां से भैंसी नदी बहती थी और उसके आसपास के गांवों में 20-20 सदस्यों के युवक मंगल दलों का गठन करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला पंचायत एवं पंचायतीराज विभागों को भी इस कार्य में जिम्मेदारी दी जाए।
बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, उप जिलाधिकारी पुवायां, खंड विकास अधिकारी, लेखपाल एवं ग्राम सचिवगण मौजूद रहे।
यह पहल न केवल नदी के पुनर्जीवन की दिशा में एक सार्थक कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और युवाओं की भागीदारी को भी मजबूत करेगी।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments