स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। 03 जुलाई 2025 को एबी रिच इंटर कॉलेज में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें यातायात नियमों, साइबर क्राइम से बचाव व मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक नगर श्री देवेंद्र कुमार व क्षेत्राधिकारी यातायात श्रीमती निष्ठा उपाध्याय के पर्यवेक्षण में किया गया। इस अवसर पर प्रभारी यातायात विनय कुमार पांडेय द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।
कोतवाली महिला उपनिरीक्षक पारुल ने छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा व साइबर सुरक्षा से संबंधित उपयोगी जानकारी दी।
प्रभारी यातायात ने बताया कि शहीदों की नगरी शाहजहांपुर में जनराज्य फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक श्री अजय मीरा पाण्डेय के नेतृत्व में आगामी माह तक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिसमें यातायात पुलिस पूरी तरह सहयोग कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की:
- दोपहिया वाहन पर हेल्मेट व चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
- ट्रिपल राइडिंग, ओवर स्पीडिंग व स्टंट से बचें।
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को समय से अस्पताल पहुंचाकर 'गुड सैमेरिटन' बनें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) श्री अरविंद कुमार ने की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने करियर संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर पाकर उनके चेहरे पर उत्साह व संतोष झलकता रहा।
कॉलेज परिसर में शहीद रामप्रसाद बिस्मिल और अशफ़ाक उल्ला खां की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अजय मीरा पांडेय ने किया। इस अवसर पर शिक्षकगण, प्रधानाचार्य, गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस तरह का आयोजन समाज में जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।
0 Comments