स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर जनपद में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भैसी नदी के तटवर्ती क्षेत्र में वृक्षारोपण की तैयारी हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार की अध्यक्षता में प्रभागीय एवं गंगा सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक की शुरुआत उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के परिचय के साथ की।
बैठक में उपायुक्त मनरेगा यशवर्धन सिंह, खण्ड विकास अधिकारी बण्डा बाबू लाल वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना तथा लोक भारती से जुड़े विभिन्न कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। चर्चा का केंद्र बिंदु भैसी नदी के 53 किलोमीटर क्षेत्र में वृक्षारोपण की कार्ययोजना रहा।
बैठक में लोक भारती से संजय उपाध्याय, आलोक मिश्रा, संजय त्रिपाठी, के.के. गुप्ता, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, प्रेमशंकर वाजपेई सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने गड्ढा खुदान, पौध चिन्हांकन, वितरण और सुरक्षा व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
वृक्षारोपण में जैव विविधता को ध्यान में रखते हुए हरिशंकरी (पीपल, पाकड़, बरगद) के अलावा अर्जुन, जामुन, नीम, टेसू, गूलर, ढाक, हरड़-बहेड़ा, बेल, देसी मेंहदी, कटहल, जंगल जलेबी, बांस आदि प्रजातियों को लगाने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त मनरेगा ने एपीओ अतुल मिश्र व सूर्य प्रकाश को निर्देशित किया कि वे भैसी नदी प्रवाह क्षेत्र में आने वाली पुलियों व पुलों का चिन्हांकन, लेबलिंग तथा गड्ढा खुदान का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराएं।
प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि वन विभाग की ओर से निःशुल्क पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, साथ ही तकनीकी सहायता भी प्रदान की जाएगी।
बैठक के अंत में उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने सभी उपस्थित जनों का आभार प्रकट किया और इस अभियान को जन-सहभागिता से सफल बनाने का आह्वान किया।
यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित होगा।
0 Comments