शाहजहाँपुर में गर्रा और खन्नौत नदी का जलस्तर बढ़ा, 6 सितम्बर तक असर की आशंका



स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

जनपद शाहजहाँपुर में गर्रा और खन्नौत नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आज दोपहर 12 बजे अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर 147.600 मीटर और लोधीपुर पुल पर खन्नौत नदी का जलस्तर 144.700 मीटर रिकार्ड किया गया।

जानकारी के अनुसार, कठना नदी का 17,000 क्यूसेक पानी गर्रा नदी में मिल रहा है। वहीं, दियूनी बैराज से बीती रात करीब 6 घंटे तक 54,120 क्यूसेक पानी गर्रा नदी में छोड़ा गया था। बुधवार सुबह 11 बजे भी बैराज से 48,058 क्यूसेक डिस्चार्ज किया गया।

जल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस डिस्चार्ज का प्रभाव जनपद शाहजहाँपुर में 6 सितम्बर तक देखने को मिलेगा। इससे गर्रा नदी का जलस्तर वर्तमान स्तर 147.600 मीटर से बढ़कर लगभग 148.800 मीटर के खतरे के निशान तक पहुँच सकता है।

इसी तरह, खन्नौत नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार वर्षा होने के कारण लोधीपुर पुल पर नदी का जलस्तर 145.750 मीटर के खतरे के निशान तक पहुँचने की संभावना जताई जा रही है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट जारी कर आवश्यक तैयारियाँ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Previous Post Next Post