लखनऊ।
खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन का प्रशिक्षण हैं — यह अनुशासन, टीम भावना, सहयोग और आत्मविश्वास सिखाते हैं। जब युवा खेल मैदान में उतरते हैं, तो वे केवल जीतने नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की शक्ति प्राप्त करते हैं।
यह बातें सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने आशियाना स्थित आवास पर आयोजित ‘सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग’ के 8वें चरण एवं सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत ड्रा एवं फिक्सचर मीट के अवसर पर कही।
शनिवार को आयोजित इस मीट में इंटर स्कूल एवं इंटर क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट की टीमों के बीच मुकाबलों का शेड्यूल तय किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 41 टीमें — इंटर स्कूल (22) एवं इंटर क्लब (19) — हिस्सा लेंगी।
फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ 3 नवम्बर 2025 को सुबह 11 बजे कानपुर रोड स्थित ‘जय जगत पार्क’ में राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा की उपस्थिति में किया जाएगा।
डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं, बल्कि समाज में व्याप्त जातिवाद, भाषावाद और क्षेत्रवाद जैसी संकीर्णताओं को मिटाकर एकता और सौहार्द का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल भावना हमें एकजुट रखती है और देश को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
तीन वर्ष पूर्व शुरू हुई सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग आज लखनऊ की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिता बन चुकी है। अब तक इसके 7 चरणों में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल सहित कई खेलों के टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। इन आयोजनों के माध्यम से 10,000 से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
इस अवसर पर भाजपा नेता शंकरी सिंह, मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य, शिव शंकर विश्वकर्मा, के.के. श्रीवास्तव, रमा शंकर त्रिपाठी, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, बृजमोहन शर्मा, रामनरेश रावत, सौरभ सिंह मोनू, कमलेश सिंह, संजीव अवस्थी, के.एन. सिंह, विमल तिवारी, मनोज रावत, हिमांशु अंबेडकर, कमलेश प्रताप सिंह, रीना उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, सुमन सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments