लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों के साथ आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में मुख्यमंत्री के अधीन विभागों एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के विभागों के बजट प्रस्तावों, नई मांगों तथा केंद्रीय बजट 2026-27 के परिप्रेक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी बजट का मूल उद्देश्य लोककल्याण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, श्रमिक, महिला, युवा और समाज के वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही बजट की आत्मा होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश की जनता को सरकार से बड़ी अपेक्षाएँ हैं और जन-आकांक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आगामी 01 फरवरी को केंद्र सरकार का आम बजट प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रावधानों का गहन अध्ययन कर विभागीय बजट प्रस्तावों में आवश्यक सुधार किए जाएँ, ताकि राज्य को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सड़क, भवन एवं अन्य अवसंरचनात्मक विकास से जुड़े प्रस्तावों का उद्देश्य प्रदेश की कनेक्टिविटी, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है, जिससे विकास का लाभ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक समान रूप से पहुँच सके।
वित्तीय प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोककल्याण और वित्तीय अनुशासन एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि संसाधनों का उपयोग इस प्रकार किया जाए कि योजनाओं की गुणवत्ता में वृद्धि हो, समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और आमजन को योजनाओं के ठोस एवं प्रत्यक्ष परिणाम दिखाई दें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments