शाहजहाँपुर, 24 जनवरी।
जनपद शाहजहाँपुर में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोहपूर्वक अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद श्री मिथिलेश कुमार कठेरिया द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता यादव, सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, जितिन प्रसाद जी के मीडिया प्रभारी श्री विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल, बसंत कुंज, लखनऊ से “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” संकल्प के साथ आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस–2026 कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
राज्यसभा सांसद श्री मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। वर्ष 2017 के बाद कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, एक्सप्रेसवे एवं एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट विश्व का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जो प्रदेश को वैश्विक पहचान दिला रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा एवं सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश कई देशों से भी बड़ा राज्य है और 2017 के बाद चिकित्सा, शिक्षा, कानून व्यवस्था, बिजली एवं सड़क जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि अन्न उत्पादन में शाहजहाँपुर अग्रणी जनपदों में शामिल है तथा प्रदेश की आर्थिक स्थिति निरंतर सुदृढ़ हो रही है।
महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। सड़क एवं आधारभूत संरचना के विकास से आवागमन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने विशेष मतदाता परीक्षण कार्यक्रम में नागरिकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन एवं बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में आर. कन्या इंटर कॉलेज, जवाहर नवोदय विद्यालय, डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर, गुरुकुल सेवा ट्रस्ट, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हथौड़ा बुजुर्ग सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं।
इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की चाबियाँ, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र, तथा शिक्षा, खेल, मत्स्य, खादी एवं ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह द्वारा आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती इंदु अजनबी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी श्री देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक श्री अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी श्री ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
0 Comments