Breaking News

पुवायां में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में पत्नी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

थाना पुवायां क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए पत्नी, उसके भांजे और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पति की हत्या साजिश के तहत गला रेतकर किए जाने का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पुवायां के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना पुवायां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 1 बजे वादी राजू पुत्र बलवन्त निवासी ग्राम भटपुरा चन्दू ने थाने में तहरीर दी कि उसके भाई बलराम की हत्या उसकी पत्नी पूजा ने अपने भांजे आदेश उर्फ छुटकी एवं दो अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिशन गला रेतकर कर दी। हत्या के समय आवाज सुनकर वादी ने झांककर देखा तो उसने अपने भांजे को पहचान लिया, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हो गए।


प्रकरण में थाना पुवायां पर मु0अ0सं0 66/2026 धारा 103(1)/61(2)(क)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 जनवरी 2026 को दोपहर 12:15 बजे दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के सामने से तीनों आरोपियों—
पूजा पत्नी बलराम,
आदेश उर्फ छुटकी पुत्र मंशाराम,
रामचन्द्र पुत्र सुरेन्द्रपाल
को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्ता पूजा ने अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या की साजिश स्वीकार की। अभियुक्त आदेश उर्फ छुटकी की निशानदेही पर आलाकत्ल हसिया भी बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।



Post a Comment

0 Comments