ब्यूरो चीफ तशरीफ़ अली, मेरठ ✍️
मेरठ, 23 जुलाई। बेसिक शिक्षा विभाग एवं जिला चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) माछरा पर परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं के यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड बनाए जाने के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह एवं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) राजेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें कुल 41 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम में एसीएमओ डॉ. अतुल कुमार, ईएनटी सर्जन डॉ. आलोक नायक, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. प्रथमेश, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. विभा नागर तथा फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रत्नेश कुमार वर्मा शामिल रहे। टीम ने सभी बच्चों का विस्तृत चिकित्सीय परीक्षण किया।
जांच के बाद 24 बच्चों को यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाया गया और उनके कार्ड जारी किए गए। वहीं 11 बच्चों को आगे की चिकित्सीय जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि 6 बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार अपात्र पाया गया।
कैंप के दौरान अभिभावकों को मानसिक मंदता (Intellectual Disability) के संबंध में जानकारी दी गई तथा 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी देकर उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष शिक्षक शिवकेश तिवारी, दीपक कुमार, मनोज वशिष्ठ, रुचि कर्णवाल, गौरव शर्मा, परवेज़ अली, प्रशिक्षक चारु शर्मा, सोनू कुमार, अमरीश कुमार शर्मा, इमरान अहमद, अनिल कुमार, चांद मोहम्मद सहित बीआरसी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नोट: यह समाचार बेसिक शिक्षा विभाग एवं जिला चिकित्सा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments