शाहजहाँपुर।
जनपद में निपुण आकलन एवं द्वितीय सत्र परीक्षाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 से जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8) अब प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों में निपुण आकलन 27 जनवरी 2026 से प्रस्तावित है, जिसके लिए छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही द्वितीय सत्र की परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुकी हैं। इन महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व निर्धारित समय में परिवर्तन किया गया है।
उन्होंने समस्त प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को भी आदेश के पालन के निर्देश दिए गए हैं।
जिला सूचना अधिकारी को आदेश की प्रतिलिपि इस आशय से भेजी गई है कि इसे जनपद के दैनिक समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशित कराया जाए, ताकि आमजन को समय परिवर्तन की जानकारी मिल सके।
0 Comments