शाहजहाँपुर | 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज ससम्मान फहराया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम परेड द्वारा पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर को सलामी दी गई। इसके उपरान्त मुख्य अतिथि माननीय मंत्री उत्तर प्रदेश शासन श्री सुरेश कुमार खन्ना जी ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद परेड टुकड़ियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय एवं परेड कमाण्डर प्रथम श्री शुभम वर्मा (क्षेत्राधिकारी साइबर) के साथ परेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरान्त शांति एवं सौहार्द्र के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे और कबूतर आकाश में छोड़े गए। परेड में शामिल सभी प्लाटूनों ने अनुशासन, एकरूपता और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सलामी समारोह के बाद पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस बल को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का संकल्प दिलाया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त महाकुम्भ प्रयागराज सेवा मेडल–2025, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के प्रशंसा चिन्ह (रजत) तथा अन्य अति उत्कृष्ट सेवा पदकों से पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही परेड कमाण्डरों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शाहजहाँपुर, जनपद न्यायाधीश, प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, विशिष्ट अतिथि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पेंशनर्स तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के उपरान्त सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, योगा एवं धनुर्विद्या प्रदर्शन तथा मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ देखा।
गणतंत्र दिवस का यह समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता नजर आया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments