शाहजहांपुर | 26 जनवरी 2026
जनपद शाहजहांपुर में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण नमन किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंग-वस्त्र एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण भावुक एवं प्रेरणादायी हो गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ देखा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस न केवल हमारे अधिकारों की याद दिलाता है, बल्कि कर्तव्यों के प्रति भी सजग करता है। यह दिन प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लखनऊ
0 Comments