Breaking News

खुटार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जहरखुरानी व टप्पेबाजी गिरोह के 8 अभियुक्त गिरफ्तार, भारी मात्रा में जेवरात व सामान बरामद


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुटार पुलिस, सर्विलांस सेल एवं जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने जहरखुरानी व टप्पेबाजी से जुड़े मामलों में वांछित आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन तथा घरेलू बर्तन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पुवायां के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खुटार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 23 जनवरी 2026 को चेकिंग व गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बनकटा मोड़ के पास गोला जाने वाली सड़क के किनारे से आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी थाना खुटार पर पंजीकृत जहरखुरानी व टप्पेबाजी से संबंधित दो अभियोगों में वांछित थे।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्तों के पास से कुंडल, बाली, झाले, कंठीमाला, मंगलसूत्र, पायल, बिछुए, कमर करधनी, पीली व सफेद धातु के आभूषण, पांच मोबाइल फोन तथा स्टील व एल्यूमिनियम के कुल 18 घरेलू बर्तन बरामद हुए।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर गांवों की सीधी-साधी महिलाओं को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके जेवरात चोरी करते थे। गिरोह की महिलाएं पहले विश्वास जीतने के लिए छोटे जेवर बदलकर लौटा देती थीं, फिर लालच देकर अधिक जेवरात हासिल कर नशीला पानी पिलाकर वारदात को अंजाम देती थीं।

पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय जहरखुरानी व टप्पेबाजी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में राहत की भावना देखी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments