शाहजहाँपुर, 23 जनवरी 2026।
जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, शाहजहाँपुर के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार की सायं 06:00 बजे से वृहद ब्लैकआउट (Black Out) मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य युद्धकालीन परिस्थितियों अथवा हवाई हमले की स्थिति में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों का परीक्षण करना तथा आमजन को सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रति जागरूक करना रहा।
निर्धारित समय पर खतरे का सायरन (वेलिंग टोन) बजते ही कलेक्ट्रेट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर संपूर्ण कार्यवाही की निगरानी की। सायरन बजते ही नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों एवं वार्डनों ने अपने-अपने दायित्व संभालते हुए यह सुनिश्चित किया कि कहीं से भी प्रकाश बाहर न दिखाई दे।
मॉकड्रिल के दौरान सायरन सिस्टम, संचार व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तत्परता एवं रिस्पॉन्स टाइम का परीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाया गया। इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा विभाग के साथ पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा अग्निशमन विभाग ने भी समन्वय स्थापित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतीकात्मक रूप से प्राथमिक चिकित्सा एवं अग्निशमन का प्रदर्शन भी किया गया। सुरक्षा वार्डनों द्वारा गलियों व सड़कों पर गश्त कर नागरिकों को घरों के अंदर रहने और लाइट बंद रखने के निर्देश दिए गए। यातायात नियंत्रण अभ्यास के तहत वाहनों की हेडलाइट्स भी बंद कराई गईं, जिससे वास्तविक युद्धकालीन स्थिति का अनुभव हो सके।
अभ्यास के समापन पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों, नागरिक सुरक्षा कर्मियों, आपदा मित्रों, होमगार्ड, एनसीसी एवं पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा का मूल मंत्र निष्काम सेवा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ब्लैकआउट का उद्देश्य दुश्मन के विमानों या मिसाइलों के लिए लक्ष्य की पहचान को कठिन बनाना है।
सायं 06:30 बजे ऑल क्लियर (स्टेडी टोन) सायरन बजने के साथ ही विद्युत आपूर्ति बहाल की गई और मॉकड्रिल का औपचारिक समापन हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त), मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, विद्युत, पीडब्ल्यूडी व परिवहन विभाग के अधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ, होमगार्ड कमांडेंट सहित आपदा मित्र, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट एंड गाइड तथा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments